जासं, बलरामपुर : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह समाप्त हो गई। रविवार से जिले के नौ ब्लाक मुख्यालयों पर मतगणना चली। मतों की गिनती की रफ्तार सुस्त होने के कारण समर्थक मतगणना स्थल के बाहर पूरे समय तक डटे रहे। प्रधान व जिला पंचायत सदस्य पद के परिणाम को जानने के लिए लोगों में अधिक उत्सुकता दिखी। अपने प्रत्याशी की जीत पर समर्थक माला पहनाकर खुशी मनाने को दौड़ पड़ते थे। समर्थकों को रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सदर विकास खंड के रामपुर बनघुसरा ग्राम पंचायत में कायम है परंपरा, 1952 में पहली बार हाथ उठाकर चुने गए थे प्रधान जासं, बलरामपुर : सदर ब्लाक की एक ग्राम पंचायत रामपुर बनघुसरा ऐसी है जिसमें 65 साल से एक ही परिवार का प्रधान चुना जा रहा है। 1952 में जब पंचायत में हाथ उठाकर गांव का मुखिया (प्रधान) चुन लिया जाता था। उस दौर से अब तक स्वर्गीय स्वामी दयाल यादव के परिवार के लोग ही ग्रामीणों की पहली पसंद बन रहे हैं। 2010 के चुनाव में सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण इनके परिवार में प्रधानी नहीं थी, लेकिन अगले चुनाव में पुन: ग्रामीणों ने प्रधानी की कमान यादव परिवार को सौंप दी।
जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव परिणामों ने कद्दावर नेताओं की जमीनी पकड़ के दावों की हवा निकाल कर रख दी। गांव की भोली-भाली जनता ने पूर्व सांसद, पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री के परिवार के लोगों को हराकर अपनी पसंद बता दी है। ग्रामीणों ने अपने बीच व हमेशा साथ रहने वाले लोगों पर ही भरोसा जता कर स्पष्ट संदेश दिया है कि गांव की सरकार वह अपने मनमुताबिक चुनेंगे। इसमें वर्तमान व पूर्व माननीयों की दखल उनको नहीं पसंद है। कद्दावर नेताओं के स्वजन की हार से जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा करने के मनसूबे पर भी पानी फिर गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित होने के कारण भाजपा, सपा, कांग्रेस व बसपा के कद्दावर नेताओं ने अपने परिवारजन को मैदान में उतारा था। इसमें पूर्व सांसद रिजवान जहीर ने दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं पत्नी हुमा रिजवान को नवानगर वार्ड से बसपा समर्थित प्रत्याशी बनाया। यहीं से युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपांकर सिंह ने अपनी पत्नी अरुणिमा सिंह को मैदान में उतारा। कांटे की टक्कर में हुमा रिजवान की हार से पूर्व सांसद की प्रतिष्ठा धूमिल हुई। पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने पत्नी पूर्व एमएलसी सविता सिंह को गंगापुरबाकी व बहू दीपिका सिंह को रामपुरबनघुसरा वार्ड से चुनावी समर में उतारा। पूर्व एमएलसी तीसरे स्थान पर रहीं। यहां संजय शुक्ल ने जीत दर्ज की जो नया चेहरा हैं। भाजपा के अजय सिंह पिकू दूसरे स्थान पर रहे। पूर्व विधायक को दोनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। पूर्व वन निगम चेयरमैन सपा नेता सलिल सिंह टीटू ने अपनी पत्नी अनुराधा सिंह को त्रुकौलिया वार्ड से सपा का प्रत्याशी घोषित कराया था। यहां पहले सपा के घोषित प्रत्याशी टोप सिंह की पत्नी पुष्पा सिंह ने जीत दर्ज कर अपनी लोकप्रियता साबित की। पूर्व मंत्री डा. एसपी यादव ने अपने बेटे राकेश यादव को रामपुर बनघुसरा व बहू साधना यादव को रतनपुर से पार्टी का प्रत्याशी बनाया था। पुत्र व बहू दोनों ही मुख्य लड़ाई में स्थान नहीं बना सके। इन परिणामों से दिग्गजों को सबक लेना होगा कि छोटे कार्यकर्ताओं को भी आगे निकलने का मौका मिलना चाहिए।